रायगढ़ , अक्टूबर 25 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र के छैडोरिया गांव में फ्लाई ऐश की अवैध डंपिंग के मामले में पर्यावरण विभाग ने संबंधित उद्योग पर रविवार को 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) ने भी कम क्षमता वाली सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की बात कही है।
बीते दिनों छैडोरिया गांव में अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंप किए जाने की शिकायत ग्रामीणों ने की थी। ग्रामीणों के मुताबिक, पीएमजीएसवाई की सड़कों से होकर रोजाना सैकड़ों टन फ्लाई ऐश गांव में पहुंचाई जा रही थी।
मामले की रिपोर्ट संबंधित समाचार प्रसारित होने के बाद पर्यावरण विभाग की टीम गांव पहुंची और अवैध डंपिंग के मामले में संबंधित उद्योग पर कार्रवाई करते हुए 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। हालांकि, फ्लाई ऐश के परिवहन में लगे भारी वाहनों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं होने का मामला सामने आया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि फ्लाई ऐश से लदे भारी वाहन पीएमजीएसवाई की कम क्षमता वाली सड़कों से लगातार गुजर रहे हैं। इससे सड़कों को नुकसान पहुंचने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, अब तक आधा दर्जन से अधिक दुर्घटनाओं में लोग घायल हो चुके हैं।
पर्यावरण विभाग की कार्रवाई के बाद अब पीएमजीएसवाई ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। विभाग की ओर से भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
इस मामले की शिकायत राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित