रायगढ़ , फरवरी 25 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन आघात" के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने जूटमिल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए किशोरों को नशीले इंजेक्शन बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक जूटमिल इलाके में दर्द निवारक इंजेक्शन का दुरुपयोग कर उन्हें नशे के रूप में बेचे जाने की सूचना मिली थी। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में जूटमिल थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पहली कार्रवाई कायाघाट स्थित बाबाकुटी के समीप की गई, जहां पुलिस टीम को देखकर कुछ नाबालिग मौके से भाग निकले। घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी की तलाशी में 10 नग बटरम इंजेक्शन तथा 200 रुपये नगद बरामद किए गए। आरोपी इंजेक्शन प्रति एम्पुल 200 रुपये में बेच रहा था और कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

दूसरी कार्रवाई कायाघाट चौपाटी तिराहा के पास की गई। यहां से एक अन्य आरोपी को उसके निवास के बाहर से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 12 नग नशीले इंजेक्शन और 300 रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में उसने इंजेक्शन झारसुगुड़ा (उड़ीसा) से लाकर 150 रुपये प्रति एम्पुल की दर से किशोरों को बेचने की बात स्वीकार की।

मामले में थाना जूटमिल में धारा 77 जेजे एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित