रायगढ़ , अप्रैल 05 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ शहर में नवनिर्मित राधा-कृष्ण मंदिर में आज गायत्री परिवार द्वारा नव कुंडलिय गायत्री महायज्ञ के लिए विधिवत भूमिपूजन किया गया।

इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने वैदिक विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि गायत्री परिवार निरंतर सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और समाज में आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है। ऐसे आयोजन लोगों को धर्म, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनते हैं।

गायत्री परिवार के सदस्यों ने जानकारी दी कि नव कुंडलिय गायत्री महायज्ञ 10 अप्रैल से 14 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रज्ञा महापुराण के माध्यम से गौ माता के महत्व सहित विभिन्न आध्यात्मिक विषयों पर कथा का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन देश-विदेश के विभिन्न स्थानों पर भी आयोजित किए जाते हैं, जहां श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रहती है।

आयोजकों के अनुसार, महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन लगभग 1000 से 2000 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। भूमिपूजन कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

गायत्री परिवार की ओर से सभी श्रद्धालुओं को इस महायज्ञ में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक आयोजन का लाभ उठाकर सनातन संस्कृति से जुड़ सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित