रायगढ़ , मई 11 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल रेंज अंतर्गत एक पांच माह के हाथी के बच्चे की दलदल में दबने से मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, छाल बीट के तरेकेला गांव के समीप केराझरिया डेम स्थित 511 आरएफ क्षेत्र में हाथियों का दल विचरण कर रहा था। इसी दौरान करीब पांच माह का एक हाथी का बच्चा दलदल में फंस गया और उसकी मौत हो गई।

अधिकारियों ने सेामवार को बताया कि घटना स्थल के आसपास अभी भी लगभग 35 हाथियों का दल मौजूद है, जिसके चलते ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है तथा वन अमला लगातार निगरानी कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि गत शुक्रवार को भी छाल रेंज के सिंघीझाप डेम में पानी में डूबने से एक अन्य हाथी के बच्चे की मौत हो गई थी। लगातार दो बेबी एलिफेंट की मौत से वन विभाग चिंतित है।

वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित