रायगढ़ , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में चेट्रीचंड महोत्सव के पावन अवसर पर सिंधी समाज द्वारा आज भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा शहर 'जय झूलेलाल' के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
रैली की शुरुआत सीधी कॉलोनी स्थित झूलेलाल मंदिर से हुई, जहां से सैकड़ों बाइक सवार सफेद एवं भगवा परिधान में झंडे और पोस्टर के साथ निकले। रैली चक्रधर नगर, सिग्नल चौक, शहीद चौक, सुभाष चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
रैली में शामिल युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हर बाइक पर झूलेलाल साईं की तस्वीरें और सिंधी समाज के झंडे लहराते नजर आए। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने रैली का स्वागत किया और श्रद्धा प्रकट की।
आयोजकों के अनुसार यह रैली चेट्रीचंड महोत्सव की श्रृंखला का हिस्सा है, जिसके तहत आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह आयोजन सिंधी समाज की एकता, सांस्कृतिक परंपरा और भगवान झूलेलाल के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक बनकर सामने आया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित