रायगढ़ , जून 01 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के लोईंग इलाके स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा में रविवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार लोईंग बाजार क्षेत्र में एक निजी भवन में संचालित बैंक शाखा से कल देर रात धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही चक्रधर नगर पुलिस तथा दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची।

बताया गया है कि दमकल वाहन के पहुंचने से पहले आग बैंक परिसर के भीतर फैल गई, जिससे फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तथा अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचने की आशंका है। अग्निशमन दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

फिलहाल बैंक में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित