रायगढ़ , सितंबर 07 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने गांजा तस्करी के मामले में ओडिशा से कथित सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने महाराष्ट्र की एक महिला को छह किलो 290 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। महिला से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।

रेलवे पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार रेलवे क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 23 जुलाई को जीआरपी थाना रायगढ़ ने मुखबिर की सूचना पर शेख सकीला बी नामक महिला को पकड़ा था। उसके बैग से छह पैकेट में कुल 6.290 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में महिला ने ओडिशा के 'मुन्ना' नामक व्यक्ति से 50 हजार रुपये में गांजा खरीदने की जानकारी दी। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के ग्राम कनिका में दबिश देकर प्रकाश अग्रवाल उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 हजार 500 रुपये नकद और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर दिव्यांग पटेल के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक रेल बिलासपुर तोबियस खाखा के मार्गदर्शन में की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित