रायगढ़, जनवरी 30 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ आज मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 जनवरी महात्मा गांधी जी का बलिदान दिवस है, जिसे शहीद दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आज़ादी दिलाई और उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस कार्यालय में महात्मा गांधी जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात कांग्रेसजन एकजुट होकर महात्मा गांधी चौक पहुंचे, जहां स्थापित गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने महात्मा गांधी के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, संघर्ष और देशहित में किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाकर देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराया।
उनका सादा जीवन, उच्च विचार और मानवता के प्रति समर्पण आज भी हर भारतीय के लिए मार्गदर्शक है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। अंत में सभी ने महात्मा गांधी द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने, सत्य और अहिंसा को अपनाने तथा देश में शांति, एकता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित