रायगढ़ , मई 29 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को धरमजयगढ़ अनुविभाग के छाल तहसील कार्यालय में कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छाल तहसील में लिपिक के रूप में संबद्ध शिक्षक तुलाराम पटेल को बी-1 राजस्व अभिलेख में त्रुटि सुधार के लिए शिकायतकर्ता भानुप्रताप पटेल से कथित रूप से 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में पकड़ा गया। शिकायतकर्ता ग्राम धसकामुड़ा का निवासी बताया गया है।

सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने सत्यापन की कार्रवाई की और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत की राशि लेते हुए गिरफ्तार किया।

एसीबी अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित