रायगढ़ , सितंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ग्राम तारापुर के उप सरपंच की गिरफ्तारी के विरोध में ग्रामीणों का कोतरा रोड थाने के बाहर धरना शुक्रवार को करीब 12 घंटे बाद भी जारी है। ग्रामीणों के समर्थन में पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल भी सुबह से धरनास्थल पर मौजूद हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तारापुर के ग्रामीण शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कोतरा रोड थाने पहुंचे और उप सरपंच की रिहाई की मांग को लेकर थाने का घेराव कर धरने पर बैठ गए। रात करीब 11 बजे तक आंदोलन जारी रहा और इस दौरान प्रशासन तथा प्रदर्शनकारियों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी।

बताया गया है कि ग्राम पंचायत में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के बाद उप सरपंच की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीण गिरफ्तारी का विरोध करते हुए उप सरपंच की रिहाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

स्थिति को देखते हुए अपर कलेक्टर समेत जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा विधायक और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि देर रात तक प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर कायम थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित