रायगढ़ , जून 01 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने आईपीएल फाइनल मुकाबले पर संचालित किए जा रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से लगभग 32 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन बरामद की है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जुआ और सट्टे के विरुद्ध चलाए जा रहे "ऑपरेशन अंकुश" के तहत साइबर थाना और खरसिया चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में आईपीएल फाइनल मुकाबले गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को दबिश देकर गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन की बात स्वीकार की। जांच के दौरान रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के नाम भी सामने आए, जिन्हें मामले में आरोपी बनाया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें ऑनलाइन सट्टे से संबंधित आईडी और अन्य तकनीकी साक्ष्य मिले हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में साहिल अग्रवाल के निवास पर दबिश दी, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित