रायगढ़ , अप्रैल 03 -- ) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाते हुए राजस्व विभाग ने शुक्रवार को व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। तहसील रायगढ़ और पुसौर में संयुक्त रूप से संचालित इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों पर शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर भूमि को मुक्त कराया गया।
नगर निगम सीमा से लगे ग्राम बड़े रामपुर में शासकीय भूमि पर अनाधिकृत रूप से संचालित एक फेब्रिकेशन दुकान को ध्वस्त किया गया। साथ ही मुख्य सड़क से लगी लगभग 10 डिसमिल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
इसी तरह ग्राम सांगीतराई में खसरा नंबर 382 की 0.243 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर एक निजी बिल्डर द्वारा बनाई जा रही अवैध बाउंड्रीवाल को शिकायत के आधार पर हटाया गया।
तहसील पुसौर के ग्राम छातामुड़ा में एक भूमिस्वामी द्वारा शासकीय भूमि पर सड़क निर्माण कर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। इस अतिक्रमण के कारण प्राकृतिक नाले का प्रवाह बाधित हो रहा था, जिसे कार्रवाई के बाद पुनः बहाल कर दिया गया।
वहीं ग्राम लोहरसिंग में राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी शासकीय भूमि पर खड़ी की गई प्रीकास्ट वॉल को भी ध्वस्त कर दिया गया।
अभियान के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महेश शर्मा, तहसीलदार शिव कुमार डनसेना एवं नायब तहसीलदार हरनंदन बंजारे सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।
अधिकारियों ने बताया कि शासकीय भूमि की सुरक्षा के लिए अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।उप जिलाधिकारी महेश शर्मा ने कहा कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित