रायगढ़ , जनवरी 24 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय में शनिवार को विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन-ग्रामीण (जी-राम-जी) योजना को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य योजना के नए स्वरूप, लाभों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को देना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा जी-राम-जी योजना को आधुनिक और प्रभावी स्वरूप में पुनः लॉन्च किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों, किसानों एवं ग्रामीण परिवारों को उनके गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें रोजगार की तलाश में शहरों अथवा अन्य राज्यों में पलायन न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि जी-राम-जी योजना के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके अंतर्गत कुटीर उद्योगों, ग्राम उद्योगों एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे गांव आत्मनिर्भर बन सकें और ग्रामीणों को सम्मानजनक आजीविका प्राप्त हो।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने कहा कि योजना को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए इसका आधुनिकीकरण किया गया है। अब योजना की निगरानी मोबाइल ऐप, जीपीएस सिस्टम और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जाएगी, जिससे फर्जीवाड़े और अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा तथा लाभ सीधे वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचेगा।
उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसी कारण वह योजना के नाम को लेकर विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना ठोस आधार के जनकल्याणकारी योजना का विरोध किया जा रहा है, जबकि यह योजना ग्रामीणों के हित और रोजगार सृजन से जुड़ी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित