रायगढ़ , सितंबर 18 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला जेल में दो मोबाइल फोन बरामद होने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। इनमें एक मोबाइल जेल की पिछली दीवार के बाहर से परिसर में फेंका गया था, जबकि दूसरा अस्पताल वार्ड में एक बंदी के सामान में छिपा मिला।

जेल प्रशासन से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और बंदियों की मौजूदगी में जेल की पिछली दीवार की ओर से एक मोबाइल फोन परिसर के अंदर फेंका गया। मोबाइल गिरते ही सुरक्षाकर्मियों ने उसे बरामद कर जेल अधीक्षक को सूचना दी।

इसी दौरान जेल के अस्पताल वार्ड में जांच के दौरान एक अन्य मोबाइल फोन बंदी के सामान में छिपा मिला। दोनों मोबाइल बरामद होने के बाद जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जेल की पिछली दीवार के बाहर से मोबाइल फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही मोबाइल में इस्तेमाल सिम कार्ड किसके नाम पर है और उससे किन लोगों से संपर्क किया गया, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

मामले को लेकर जूट मिल थाने को पत्र भेजकर पुलिस को भी सूचित किया गया है। जेल और पुलिस प्रशासन यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि दोनों मोबाइल किसके लिए थे और इनके माध्यम से किन लोगों से संपर्क किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित