लैलूंगा/रायगढ़ , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम नवीन भटगांव में तीन किसानों द्वारा खेतों में अफीम की फसल उगाने का आरोप लगा है।
राज्य में इससे पहले दुर्ग तथा बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी अफीम की खेती मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। रायगढ़ जिले में दूसरी बार अफीम की खेती मिलने के बाद सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने "छत्तीसगढ़ को अफीमगढ़ बनाने की कोशिश" का सरकार पर आरोप लगाया है।
इसी तरह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपेश बघेल ने भाजपा को एक्स पर सलाह दी - अब भाजपा को अपना चुनावी निशान "कमल फूल से बदलकर अफीम का फूल रख" लेना चाहिए। दोनों ही नेताओं की प्रतिक्रिया पर भाजपा के प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने आक्रामकता के साथ कहा - क्यों नहीं कांग्रेस को अपना चुनावी निशान "रुपया लेता हाथ" रख लेना चाहिए,क्योंकि उनके कार्यकाल में तो हर कोई रुपया लेकर राज्य को बेचने में ही लगा था।
पुलिस के अनुसार ग्राम नवीन भटगांव में अभिमन्यु नाग, साधु राम नागवंशी और जगत राम नागवंशी किसान द्वारा अपने खेतों में अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिली है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। खेतों में लगी फसल की जांच की जा रही है और यह पुष्टि होने के बाद कि फसल अफीम की ही है, आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उप महानिरीक्षक शशि मोहन ने 23 मार्च को बताया कि लैलूंगा थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी और पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम खेतों में लगी फसल का परीक्षण कर रही है। यदि जांच में फसल अफीम की पाई जाती है तो आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में इससे पहले भी अवैध अफीम की खेती की आशंका को देखते हुए पुलिस ने ग्रामीण स्तर पर सतर्कता बढ़ाई थी। ग्राम कोटवारों, ग्राम सचिवों, मुखबिरों और आम नागरिकों से अपील की गई थी कि यदि कहीं भी अफीम की खेती की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस की इस अपील का असर देखने को मिला और ग्राम नवीन भटगांव के खेतों में संदिग्ध फसल की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस तक पहुंचाई। सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और खेतों की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अफीम के इन तीन नए खेतों ने कांग्रेस के नेताओं को फिर से छत्तीसगढ़ सरकार पर हमला करने का मौका दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया एक्स पर लिखा भाजपा ने छत्तीसगढ़ को अफीम गढ़ बनाना शुरू किया है। इसी तरह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा - अब बीजेपी को अपना चुनावी निशान कमल फूल से बदलकर अफीम का फूल रख लेना चाहिए।
दोनों ही नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने कह - अफीम की हर खेती पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्ग जिले में पार्टी के नेता कि पुलिस हिरासत के बाद ही पार्टी से बर्खास्त किया गया है। कांग्रेस बताए कि उसने अपने तत्कालीन मंत्री और विधायक कवासी लखमा को बर्खास्त क्यों नहीं किया है। आरोपी विधायक देवेंद्र यादव को कांग्रेस ने पार्टी से बर्खास्त को नहीं किया है।
इन दो नेताओं के साथ भाजपा के प्रवक्ता ने कथित शराब घोटाला, महादेव सट्टा एप और कोयला परिवहन घोटाला के आरोपियों का नाम गिनवाते हुए दल और शासकीय सेवाओं से बर्खास्त नहीं किए जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की है। गौरतलब है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री कार्यालय में सौम्या चौरसिया (उप सचिव, निलंबित उप सचिव) 2200 करोड़ के शराब घोटाला,महादेव सट्टा एप और कोयला परिवहन घोटाला में आरोपी हैं, उन्हें सेवा से बर्खास्त नहीं किए जाने को लेकर श्री उज्जवल दीपक ने आक्रामक रुख अख्तियार किया है।
उन्होंने कोयला परिवहन घोटाला के आरोपी सूर्यकांत तिवारी, शराब घोटाला के आरोपी अनवर ढेबर, अरुणपति त्रिपाठी और निरंजन दास की बर्खास्ती नहीं किए जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान और फैसलों की आलोचना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित