रायगढ़ , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले में बादपाली गांव में मुकेश मखीजा के 'प्लास्टिक रॉ मैटीरियल रिफायनरी संयंत्र' में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग से उठते काले धुएं ने पूरे गांव को ढक लिया।

अग्निशमन विभाग ने आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर रवाना किया और दमकल कर्मियों का आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी तेज है कि अगर नियंत्रण नहीं किया गया तो यह आसपास के गांवों तक फैल सकती है। विभाग को संयंत्र में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। आग से किसी के हताहत की अभी कोई सूचना नहीं है। शुरुआती आकलन के अनुसार, आग से लाखों रुपये का नुकसान होने की संभावना है।

प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित