रायगढ़ , जुलाई 13 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दरोगापारा रोड स्थित महिला थाना के समीप एक निर्माणाधीन भवन में नाबालिग के साथ तीन दिन तक दुष्कर्म किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता भीख-मांगकर जीवन यापन करने वाली है और अक्सर अपनी माता के साथ उस अर्ध-निर्मित भवन में रहती थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी लब्बू उर्फ विजय सारथी (34), जो दरोगापारा का निवासी है जिसकी पत्नी भी कचरा बीनने का काम करती है। पत्नी के काम के चलते आरोपी का उस भवन में आना-जाना अक्सर रहता था और इसी दौरान उसकी नाबालिग से जान-पहचान हो गई। आरोप है कि आरोपी ने अकेले पाकर गुरुवार को पहली बार नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताए जाने पर जान से मारने की धमकी दी। शुक्रवार को आरोपी ने फिर दुष्कर्म किया और तीसरे दिन जब पीड़िता ने विरोध किया तथा जोर-जोर से चिल्लाई तो वहां मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों ने आरोपित को पकड़कर जमकर पीटा। पूछताछ पर पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद लोगों ने आरोपी को महिला थाना के पास मौजूद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान और शिकायत के आधार पर आरोपी विजय सारथी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित