रायगढ़ , जून 24 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित एक इस्पात संयंत्र में बुधवार को फर्नेस विस्फोट की घटना में चार मजदूर झुलस गए। सभी घायलों को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित रायगढ़ इस्पात संयंत्र में कार्य के दौरान अचानक फर्नेस में विस्फोट हो गया। हादसे में वहां मौजूद चार मजदूर झुलस गए। घटना के बाद संयंत्र प्रबंधन और सहकर्मियों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी तथा कंपनी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिले के औद्योगिक क्षेत्र में हाल के समय में औद्योगिक दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस एवं प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं तथा विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित