मथुरा , सितंबर 30 -- मथुरा के बरसाना में चल रही पंडित प्रदीप मिश्रा की श्री शिव महापुराण कथा में शामिल होने पहुंचे योग गुरु बाबा रामदेव ने समसामयिक मुद्दों और राजनीति को लेकर बयान दिए। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के राम और शिव को लेकर दिए गए बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि भगवान के नाम पर भेदभाव नहीं फैलाया जाना चाहिए। उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी।
रेवंत रेड्डी की टिप्पणी पर बाबा रामदेव ने कहा कि सनातन धर्म युगों से अस्तित्व में है और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा, ''कुछ लोगों ने पहले सनातन को जाति, वर्ग और समुदाय के नाम पर बांटने का काम किया। अब वे कह रहे हैं कि राम अमीरों के भगवान हैं और शिव गरीबों के। राम, कृष्ण, हनुमान, शिव, भगवती, उमा-महेश्वर, लक्ष्मी-नारायण, सीताराम और राधा-कृष्ण में कोई अंतर नहीं है।''उन्होंने कहा कि भगवान के नाम पर भ्रम और भेदभाव के बीज नहीं बोने चाहिए। उन्होंने लोगों से सनातन धर्म के नाम पर भेदभाव से बचने की अपील की।
ओवैसी के इस बयान कि देश में कोई नहीं चाहता कि मुसलमानों की अपनी राजनीतिक आवाज हो, पर प्रतिक्रिया देते हुए बाबा रामदेव ने मुस्लिम समुदाय से अपने इतिहास को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय के पूर्वज भी भारतीय ऋषि-ऋषिकाएं और राम-कृष्ण रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोग अपने मूल पूर्वजों से जुड़ेंगे तो खुद को कमजोर महसूस नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि हिंदू और मुसलमान मिलकर रहेंगे तो दोनों मजबूत होंगे और देश भी मजबूत बनेगा। बाबा रामदेव ने युवाओं और आम लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली फूहड़ रील और अश्लील फिल्मों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा ऐसी सामग्री देखने में अपना समय बर्बाद कर रहे हैं, जिससे समाज का सांस्कृतिक ताना-बाना प्रभावित हो रहा है। उन्होंने लोगों से अपनी संस्कृति और भक्ति मार्ग से जुड़ने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित