लखनऊ , जून 17 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय गुरुवार को अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उपजे विवाद के बीच उनका यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार श्री राय सुबह 8.30 बजे लखनऊ से कार द्वारा रामनगरी के लिये प्रस्थान करेंगे। सुबह 10.30 बजे अयोध्या पहुंचकर श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद पूर्वाह्न 11.15 बजे श्री राम जन्मभूमि मंदिर से प्रस्थान कर 11.30 बजे हनुमानगढ़ी पहुंचेंगे। वहां श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम है। दोपहर 12.15 बजे हनुमानगढ़ी, अयोध्या से कार द्वारा प्रस्थान कर अपरान्ह 2.15 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, लखनऊ वापस पहुंचेंगे।

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में गबन का मामला तूल पकड़ चुका है। अब कांग्रेस पार्टी ने भी भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर सीधा हमला बोला था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने इसको लेकर दिल्ली में एक प्रेस वार्ता की थी । उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा," देश की आस्था के साथ बीजेपी-आरएसएस के द्वारा छल किया गया है। आज आस्था को बेचा जा रहा है और धर्म के नाम पर सौदा किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित