नयी दिल्ली , अगस्त 11 -- राज्यसभा में विपक्ष के सदस्यों ने मंगलवार को राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी और शून्यकाल की कार्यवाही पूरी नहीं हो सकी।

विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मानसून सत्र में अब तक एक भी दिन शून्यकाल की कार्यवाही सुचारू ढंग से नहीं चल पायी है। इस सत्र का यह अंतिम सप्ताह है और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अब सत्र के मात्र दो दिन बचे हैं लेकिन सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर गतिरोध दूर नहीं हो सका है।

सभापति सी पी राधाकृष्णन ने विधायी दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाने के बाद जैसे ही कार्यवाही शुरू की विपक्ष के सदस्य अपनी जगहों से उठकर जोर-जोर से बोलने लगे। सभापति ने सदस्यों से शांत रहने और अपनी सीटों पर लौटने की अपील करते हुए लोक महत्व के विषय रखने के लिए बीजू जनता दल के संतृप्त मिश्रा का नाम पुकारा। विपक्षी सदस्यों के शोर शराबे के बीच उन्होंने उड़िया में अपनी बात रखी।

इस बीच सभापति ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने का मौका दिया। श्री खरगे ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठाना चाहा लेकिन उनके बोलना शुरू करते ही सभापति ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित