भदोही , जुलाई 7 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मंगलवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी की घटना के विरोध में 'सद्बुद्धि पदयात्रा' निकाली गई।

सद्बुद्धि पदयात्रा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस सचिव दयाशंकर पांडेय ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था, मर्यादा और संस्कृति के प्रतीक हैं। भाजपा ने भगवान श्रीराम को आस्था के बजाय राजनीति का माध्यम बना दिया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में रामभक्त होती, तो मंदिरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होती।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार राजन और जिला उपाध्यक्ष मुशीर इकबाल ने संयुक्त बयान में कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उनका आरोप था कि जांच के नाम पर केवल छोटे आरोपियों को पकड़कर मामले को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि मुख्य जिम्मेदार अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं। कांग्रेस नेताओं ने इस मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पदयात्रा की शुरुआत ज्ञानपुर स्थित गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। पदयात्रा ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग से दूधनाथ मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना कर दोषियों तथा सत्ता में बैठे लोगों को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर राकेश कुमार मौर्य, सुरेश चंद्र मिश्रा, प्रेम बिहारी उपाध्याय, मुशीर इकबाल, राजेश्वर दुबे, सुरेश उपाध्याय, त्रिलोकी नाथ बिंद, अवधेश पाठक, स्वालेह अंसारी, मनोज गौतम, नाजिम अली, सुरेश चौहान, शिवपूजन मिश्रा व रमाशंकर बिंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित