नयी दिल्ली , जुलाई 02 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) संसदीय दल के नेता एवं राज्यसभा सदस्य संदोष कुमार पी. ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं की व्यापक जांच कराने की मांग की है।
श्री कुमार ने पत्र में लिखा कि राम मंदिर से जुड़े हालिया विवादों ने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को प्रभावित किया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भगवान राम आस्था, न्याय और करुणा के प्रतीक हैं, लेकिन राम मंदिर को राजनीतिक लाभ के साधन के रूप में इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दावा किया कि ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया, आपराधिक मामले दर्ज हुए और नकदी एवं बहुमूल्य चढ़ावे की गिनती से जुड़े कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आधिकारिक जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
भाकपा सांसद ने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीसीएजी) से ट्रस्ट की स्थापना से अब तक प्राप्त सभी दान और संपत्तियों का व्यापक ऑडिट कराये जाने की मांग की। इसके अलावा मंदिर निर्माण, ट्रस्ट के संचालन और चढ़ावे के प्रबंधन से जुड़े सभी आरोपों की स्वतंत्र न्यायिक जांच करायी जाये तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ, चाहे उनका किसी भी संगठन से संबंध हो, सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाये।
श्री कुमार ने अपने पत्र के अंत में कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा के लिए मंदिर को किसी भी तरह के विवाद और कथित भ्रष्टाचार से मुक्त रखना जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित