Ram Mandir Trust treasurer Govind Giri must also be probed over alleged donation theft: Sanjay Rautनागपुर , जुलाई 16 -- शिवसेना (यूटीबी ) के सांसद संजय राउत ने गुरुवार को मांग की कि राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद गिरि को भी जांच के दायरे में लाया जाए, क्योंकि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन की घटना उनके कार्यकाल के दौरान हुई थी।
श्री राउत ने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि अगर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष के तौर पर गिरि के कार्यकाल में कथित वित्तीय अनियमितताएं हुईं, तो उन्हें जिम्मेदारी से मुक्त नहीं किया जा सकता और उनसे भी पूछताछ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कथित गबन से जुड़े हर व्यक्ति की जवाबदेही तय की जानी चाहिए, चाहे वे किसी भी पद पर हों।
इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कि श्री गिरि ने आरोपों को खारिज कर दिया है और कथित गड़बड़ियों के लिए बैंकिंग प्रक्रियाओं को जिम्मेदार ठहराया है। श्री राउत ने कहा कि यह जांच एजेंसी का काम है कि वह पता लगाए कि चूक कहां हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार था।
आरोपों को गंभीर बताते हुए श्री राउत ने कहा कि चोरी की किसी भी घटना को अपराध माना जाना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। राम मंदिर ट्रस्ट को मिले चंदे के कथित दुरुपयोग की पारदर्शी जांच की शिवसेना (यूटीबी ) की मांग को दोहराते हुए श्री राउत ने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और भरोसे को बनाए रखने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित