भोपाल , जुलाई 11 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने शनिवार को भाजपा पर धार्मिक आस्था के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने आस्था के नाम पर जनता के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की।
श्री पाटिल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रभु राम की आस्था का राजनीतिक लाभ उठाया। उन्होंने दावा किया कि पार्टी का उद्देश्य जनता की आस्था का सम्मान करना नहीं, बल्कि उसे राजनीतिक रूप से भुनाना रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री कथित तौर पर राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना था कि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े प्रमुख निर्णय प्रधानमंत्री की सहमति से लिए गए थे।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कथित अनियमितताओं के संबंध में पहले भी सवाल उठाए गए थे, लेकिन उन पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने पूछा कि इस मामले की जांच रिपोर्ट में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का नाम क्यों नहीं है। श्री पाटिल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने धार्मिक आस्था के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित