नयी दिल्ली , जुलाई 08 -- कांग्रेस ने राम मंदिर ट्रस्ट से आय-व्यय का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े संस्थान में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी ज़रूरी है।
कांग्रेस प्रवक्ता शक्तिसिंह गोहिल ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मंदिर में चढ़ावे, ऑडिट रिपोर्ट, सीसीटीवी व्यवस्था और जमीन खरीद से जुड़े कई गंभीर सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2023 से 2025 की ऑडिट रिपोर्ट में कथित अनियमितताओं का उल्लेख होने के बावजूद उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए ट्रस्ट को चढ़ावे से प्राप्त राशि, उसके उपयोग और खर्च का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर में चढ़ावा चोरी कर जो आरोप लगे हैं इन सबकी निष्पक्ष जांच कराना भी आवश्यक है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि धार्मिक आस्था का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं होना चाहिए और ट्रस्ट के कामकाज में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित