वाराणसी , जुलाई 11 -- कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने शनिवार को पराड़कर भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अयोध्या राम मंदिर के कथित चढ़ावा एवं दान अनियमितता प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक रूप से जवाब देना चाहिए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। डा नायक ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर से श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे के प्रबंधन में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि ट्रस्ट के गठन से लेकर मंदिर निर्माण एवं उद्घाटन तक प्रधानमंत्री की सक्रिय भूमिका रही है, इसलिए इस मामले की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उन्होंने ट्रस्ट के पदाधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी की मांग है कि पूरे प्रकरण की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए, कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए तथा चढ़ावे, दान, भूमि खरीद और अन्य वित्तीय लेन-देन का फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाए। उन्होंने वर्तमान ट्रस्ट को भंग कर नया पारदर्शी एवं जवाबदेह ट्रस्ट गठित करने की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है और इसकी निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आ सकेगी। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से इस पूरे प्रकरण पर स्पष्ट स्थिति रखने तथा सभी आरोपों की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित