मुंबई , जुलाई 01 -- महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता ने नवनाथ बन ने कहा है कि राम मंदिर चढ़ावा मामले में किसी भी गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने पलटवार करते हुए पिछली महा विकास अघाड़ी सरकार पर बड़े पैमाने पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाया और मांग की कि उसके नेता अपने कार्यकाल का हिसाब दें।

उन्होंने बुधवार को शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत पर आरोप लगाया कि उन्होंने पूर्व विधायक सचिन अहीर के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में वापसी का स्वागत करके आदित्य ठाकरे की राजनीतिक स्थिति को कमजोर करने में सफलता हासिल की है।

श्री बन ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट से श्री अहीर के बाहर निकलने पर श्री राउत का सार्वजनिक रूप से खुशी जताना यह दर्शाता है कि आदित्य ठाकरे के खेमे को जानबूझकर कमजोर किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री राउत इस बात से पूरी तरह वाकिफ थे कि श्री आदित्य ठाकरे को अगले चुनाव में वर्ली विधानसभा सीट बचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

भाजपा नेता ने श्री राउत पर यह भी आरोप लगाया कि वे बार-बार यह कहकर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं कि पार्टी के वफादार सदस्यों की पहचान करने में गलतियां हुईं। श्री बन के अनुसार, श्री राउत के बयानों का उद्देश्य उद्धव ठाकरे के नेतृत्व को कमजोर दिखाना और कांग्रेस के साथ शिवसेना (यूबीटी) के संभावित विलय के लिए जमीन तैयार करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित