देहरादून , सितंबर 27 -- श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के मुख्य सूत्रधार एवं विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी के अवसर पर रविवार को उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय सिंहल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि अशोक सिंघल केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक युगदृष्टा और आंदोलन थे। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक चेतना को जगाने और करोड़ों राम भक्तों को एक मंच पर लाने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर का जो स्वरूप हम देख रहे हैं, उसकी नींव में स्व सिंघल का अतुलनीय त्याग, समर्पण और अनवरत संघर्ष निहित है।

एक अन्य प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने स्वर्गीय सिंघल के जीवन को रेखांकित किया कि किस प्रकार बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और धर्म की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा की प्रेरणा बना रहेगा।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, दायित्वधारी जगत सिंह चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, विनोद खंडूड़ी, विजय बडोनी समेत पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित