लखनऊ , नवंबर 07 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली और अयोध्या में आयोजित होने वाले दसवें दीपोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे विशेष अपील की है।
उन्होंने कहा कि जब श्रीराम जन्मभूमि पर दीप जलें तो प्रदेशवासी भी अपने घरों और आंगन में दीप प्रज्ज्वलित करें। अयोध्या का दीपोत्सव हमारी आस्था, आत्मगौरव और सनातन चेतना के नवजागरण का महापर्व है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट के माध्यम से कहा कि मां सरयू की पावन गोद में बसी श्री अयोध्या धाम नगरी दिव्य दीपोत्सव के लिए पूरी तरह सज चुकी है। यह अलौकिक आनंद, गौरव और भक्ति का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि करोड़ों सनातनियों की आस्था और वर्षों की प्रतीक्षा का पुण्य प्रतिफल एक बार फिर लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा के रूप में प्रकट होने जा रहा है। अयोध्या का कण-कण आज उल्लास से परिपूर्ण और भक्ति से अभिसिंचित है।
योगी ने कहा कि अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की शाश्वत विजय का संदेश देने वाला दीपोत्सव इस बार भी पूरी भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने उपराष्ट्रपति, विभिन्न मित्र देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिकों, देश-विदेश से आने वाले विशिष्ट अतिथियों और प्रभु श्रीराम के संतों एवं भक्तों का अयोध्या की पावन जन्मभूमि पर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समरसता, सामाजिक सौहार्द, सांस्कृतिक एकात्मता और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से जुड़े इस पावन आयोजन में अतिथियों की उपस्थिति दीपोत्सव को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएगी। यह धर्म, मर्यादा और प्रकाश के महापर्व का साक्षी बनने का अवसर है।
उन्होंने दीपक की महत्ता बताते हुए कहा कि दीपक केवल मिट्टी का पात्र नहीं, बल्कि चेतना का जागरण है। यह युगों से हमें सिखाता आया है कि अंधकार से लड़ने की जरूरत नहीं होती, केवल एक दीप जलाने की जरूरत होती है और अंधकार स्वतः समाप्त हो जाता है।
योगी ने कहा कि सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के आगमन की स्मृति में आयोजित दीपोत्सव इसी भावना का जीवंत स्वरूप है। मां सरयू की साक्षी में प्रभु श्रीराम की प्रिय नगरी में दसवां दीपोत्सव मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में मां सरयू के तट पर प्रज्ज्वलित संकल्प की ज्योति ने आज भारत के सांस्कृतिक गौरव को वैश्विक मंच पर नई पहचान और प्रतिष्ठा दिलाई है। अयोध्या का दीपोत्सव केवल दीपों की रोशनी और विश्व रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह त्रेतायुगीन वैभव की पुनर्स्थापना, सनातन संस्कृति के नवजागरण और राष्ट्र के आत्मगौरव की पुनर्प्रतिष्ठा का स्वर्णिम अध्याय बन गया है।
उन्होंने कहा कि राम की पैड़ी पर प्रज्ज्वलित लाखों दीपों ने अंधकार दूर करने के साथ आस्था, अंत्योदय और स्थानीय स्वावलंबन की नई रोशनी भी जगाई है। दीपोत्सव का यह गौरवशाली दशक सदियों की प्रतीक्षा को भव्य वास्तविकता में बदलने वाले ऐतिहासिक संकल्प की सिद्धि का प्रमाण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित