मुंबई , नवंबर 01 -- 'रंगस्थलम' जैसी समीक्षकों द्वारा सराही गई और बॉक्स ऑफिस पर सफल फिल्म देने वाली अभिनेता राम चरण और निर्देशक सुकुमार की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर साथ आ गई है। मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनने वाली उनकी आगामी पैन-इंडिया फिल्म आरसी 17 का पारंपरिक पूजा समारोह के साथ भव्य शुभारंभ किया गया।
निर्देशक सुकुमार और मेगा पावर स्टार राम चरण का यह बहुप्रतीक्षित सहयोग फिल्म प्रेमियों के बीच खासा उत्साह पैदा कर रहा है। सुकुमार की 'पुष्पा' फ्रेंचाइजी की वैश्विक सफलता और राम चरण की फिल्म 'आरआरआर' को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान के बाद इस परियोजना को दोनों के करियर की एक महत्वपूर्ण फिल्म माना जा रहा है।
दोनों इससे पहले 'रंगस्थलम' में साथ काम कर चुके हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों की सराहना मिली थी। ऐसे में राम चरण की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और सुकुमार की विशिष्ट निर्देशन शैली को एक बार फिर पर्दे पर देखने के लिए प्रशंसक उत्साहित हैं।
पूजा समारोह के साथ फिल्म की आधिकारिक शुरुआत हो गई है और इसका प्री-प्रोडक्शन कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। हालांकि, फिल्म की कहानी, कलाकारों और रिलीज की तारीख को लेकर निर्माताओं की ओर से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह जाहिर करते हुए लिखा, ''सभी की निगाहें आरसी 17 पर हैं।'' इस घोषणा के बाद प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मैत्री मूवी मेकर्स के इस बड़े प्रोजेक्ट से दर्शकों को भव्य सिनेमाई अनुभव और मनोरंजन की नई सौगात मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित