मंगलोर , जून 17 -- कर्नाटक के चित्रदुर्ग की सामाजिक कार्यकर्ता रामा नागराज ने धर्मस्थल मामले में करोड़ों रुपये की कथित साजिश से खुद को जोड़ने वाले आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें 'पूरी तरह से मनगढ़ंत' और राजनीति से प्रेरित बताया है।
सुश्री नागराज ने उन सभी दावों से इनकार किया है, जिनमें कहा गया था कि उन्होंने इस मामले में अशांति फैलाने से जुड़ी साजिश के लिए पैसा दिया या उसका समर्थन किया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह शिकायतकर्ता सी एन चिन्नैया से 'कभी नहीं मिलीं, न ही कभी बात की और न ही उनका कोई संपर्क रहा।
सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा, " मैं अपने जीवन में चिन्नैया से कभी नहीं मिली। इसके बावजूद मुझ पर झूठे आरोप लगाये जा रहे हैं कि मैंने 50 लाख रुपये और यहां तक कि 200 करोड़ रुपये की साजिश के लिए पैसे दिये। ये पूरी तरह से मनगढ़ंत कहानियां हैं। " सुश्री नागराज ने आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय की याचिका में शामिल किये गये नये दावे इससे पहले पुलिस, मजिस्ट्रेट या विशेष जांच दल (एसआईटी) के सामने दिये गये बयानों का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने इन्हें 'मनगढ़ंत' बताया, जिन्हें सिर्फ एक झूठी कहानी तैयार करने के लिए बाद में जोड़ा गया है।
इन आरोपों में अभिनेता प्रकाश राज का भी जिक्र किया गया है, जिसका सुश्री नागराज ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई संबंध नहीं है और उनकी छवि खराब करने के लिए उन्हें फंसाया जा रहा है।
इन आरोपों को मानहानि वाला बताते हुए सुश्री नागराज ने कहा कि धमकियां मिलने और सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार के बाद अब उन्होंने दावणगेरे शहर की पुलिस से संपर्क किया है। उन्होंने सवाल किया, " सच्चाई अदालत में सामने आने दीजिए। जिस व्यक्ति से मैं कभी नहीं मिली, वह इतने गंभीर षड्यंत्र में मेरा नाम क्यों लेगा?"दूसरी ओर, श्री चिन्नैया ने पहले अदालत में दाखिल अपने दस्तावेजों में यह दावा किया था कि उन्होंने धर्मस्थल क्षेत्र में कथित दफनाने की घटनाओं से जुड़े आरोप स्वेच्छा से उजागर किये थे। उनके इस दावे के बाद धर्मस्थल क्षेत्र में एक व्यापक कानूनी और राजनीतिक बहस शुरू हो गयी है।
इसी बीच, इस मामले की जांच कर रही एसआईटी के चार सदस्य मंगलवार को चार्मडी घाट के पास उनका सरकारी वाहन पलटने से घायल हो गये। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और चालक शामिल हैं।
दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के विपरीत दावे पेश किये जाने के बाद, आने वाले दिनों में अदालत की सुनवाइयों के दौरान यह मामला और गरमाने की उम्मीद है, जहां इन मुख्य दावों और प्रतिदावों की विस्तार से जांच की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित