देवरिया, जून 30 -- देवरिया में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल रोशन ने मंगलवार को कहा कि पार्टी नेताओं को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन करने से रोकना उनके लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों का सरासर उल्लघंन है।
श्री मल्ल ने कहा कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल को आज 11 बजे अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन पूजन करने थे मगर इससे पहले सोमवार देर रात्रि पुलिस-प्रशासन ने कांग्रेस नेताओं उनके आवासों में नजरबंद कर दिया। इसके चलते जिले के कई कांग्रेस कार्यकर्ता अयोध्या के लिए प्रस्थान नहीं कर सके और निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होकर प्रभु श्रीराम जी के दर्शन-पूजन से वंचित रह गए।
उन्होंने जिला प्रशासन की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं धार्मिक आस्था से जुड़ा था। ऐसे कार्यक्रम में शामिल होने से रोकना नागरिकों के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और सभी धर्मों के सम्मान की भावना में विश्वास करती है तथा धार्मिक आस्था के कार्यक्रम में शामिल होने से रोकना उचित नहीं कहा जा सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित