अयोध्या , फरवरी 18 -- श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि मंदिर परिसर में बन रहे संग्रहालय में दर्शनार्थियों को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े ऐतिहासिक मुकदमों के साक्ष्य और 500 वर्षों तक चली कानूनी लड़ाई की पूरी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में विकसित किए जा रहे संग्रहालय में 20 आधुनिक गैलरियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एक गैलरी में विभिन्न न्यायालयों में चले श्रीराम जन्मभूमि मुकदमों के दस्तावेज, साक्ष्य और न्यायिक प्रक्रिया को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु पूरे ऐतिहासिक और कानूनी पक्ष से परिचित हो सकें। इसके लिए संबंधित न्यायालयों से साक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि अब श्रद्धालुओं को मुख्य मंदिर सहित परिसर में स्थित 14 मंदिरों के दर्शन 3डी तकनीक के माध्यम से भी कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त एक गैलरी में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा की गई खुदाई से जुड़े प्रमाणों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे मंदिर स्थल के ऐतिहासिक पक्ष को समझा जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि एक अन्य गैलरी में 7डी तकनीक से सुसज्जित पुष्पक विमान और भगवान श्रीराम के चरणों से जुड़े प्रमुख स्थलों की प्रस्तुति भी की जाएगी। राम मंदिर परिसर में संग्रहालय और शेष बचे कार्यों को अगले 6 से 9 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
राम मंदिर निर्माण में लगी प्रमुख कंपनियां लार्सन एंड टूब्रो और टाटा कंसलटेंसी सर्विस जून माह के बाद अपना कार्य पूर्ण कर मंदिर परिसर से विदा होंगी। उन्होंने कहा कि निर्माण पूर्ण होने के बाद राम मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के लिए आस्था, इतिहास और तकनीक का अद्वितीय संगम बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित