रामपुर , अप्रैल 6 -- उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एंटी करप्शन टीम ने एक लेखपाल को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई दरियाल फतावाला स्थित शान कॉम्प्लेक्स के सामने की गई, जहां लेखपाल शंभू कुमार को जनसेवा केंद्र के पास पकड़ा गया। उन पर जमीन की वसीयत दर्ज कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायतकर्ता जाहिद अली ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। उनके अनुसार, घोसीपुरा स्थित जमीन की वसीयत दर्ज कराने के लिए लेखपाल ने उन्हें बुलाकर रिश्वत की मांग की थी। शंभू कुमार वर्ष 2018 से टांडा तहसील में तैनात हैं। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही अन्य लेखपाल भी मौके पर पहुंच गए। एंटी करप्शन टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित