अपराध रिश्वत गिरफ्ताररामपुर , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एक दरोगा को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की मुरादाबाद इकाई की टीम ने मंगलवार को छापा मारकर स्वार कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक ओमकार नाथ को गिरफ्तार किया। टीम उसे तत्काल अपने साथ लेकर अजीमनगर थाने ले गई, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की प्रभारी निरीक्षक राखी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई ग्राम सिंगनखेड़ा निवासी यशवीर सिंह की शिकायत पर की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि दरोगा पति-पत्नी के बीच चल रहे एक प्रकरण में रिपोर्ट लगाकर मामला समाप्त कराने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था।

पीड़ित के अनुसार दरोगा पहले एक हजार रुपये ले चुका था और बाद में दस हजार रुपये की मांग करने लगा। इस पर शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से संपर्क किया। टीम ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन करने के बाद जाल बिछाया और स्वार कोतवाली परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र के कमरे में दरोगा को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित