रामपुर , फरवरी 23 -- रामपुर रियासत के अंतिम शासक की पुत्री नवाबज़ादी बिरजीस लक़ा बेगम का सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं।

उनका जन्म 20 जनवरी 1934 को रामपुर में हुआ था। सोमवार को उन्हें दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया के कब्रिस्तान में गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जनाज़े में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खान उर्फ नवेद मियां के पीआरओ काशिफ खान ने निधन की पुष्टि की। नवाब काजिम अली खान, जो रामपुर रियासत के अंतिम शासक के पौत्र हैं, ने अपनी फूफी के निधन को परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। अंतिम शासक की बहू एवं पूर्व सांसद बेगम नूर बानो ने भी गहरा शोक व्यक्त किया।

नवाबज़ादी बिरजीस लक़ा बेगम, नवाब रज़ा अली खान की छह पुत्रियों में तीसरे नंबर की थीं। उनके तीन पुत्र नवाबजादा मुर्तजा अली खान, नवाबजादा जुल्फिकार अली खान उर्फ मिक्की मियां और नवाबजादा आबिद अली खान उर्फ सलीम मियां पूर्व में ही दिवंगत हो चुके हैं।

उनकी बड़ी बहनों नवाबज़ादी खुर्शीद लका बेगम, नवाबज़ादी कमरलका बेगम और नवाबज़ादी मेहरुन्निसा बेगम का भी पूर्व में निधन हो चुका है। नवाबज़ादी बिरजीस लक़ा बेगम अपने पीछे तीन बेटियों को छोड़ गई हैं। उनके निधन से रामपुर के शाही परिवार और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित