भोपाल , मार्च 25 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार रामनवमी के पावन पर्व से भोपाल से ओरछा तक हेलीकॉप्टर सेवा प्रारंभ करने जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा के संकल्पों के साथ आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, युवाओं को रोजगार, कृषि को लाभदायक बनाने और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

डॉ. यादव यहां मानस भवन में आयोजित सेवा दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 1100 बालिकाओं का कन्या-पूजन और कन्या भोज आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने बालिकाओं को स्कूल बैग, लंच बॉक्स, कंपास बॉक्स और वाटर बॉटल उपहार स्वरूप वितरित किए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं और यह हेलीकॉप्टर सेवा भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित