रायपुर , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ में रामनवमी के पावन अवसर पर भर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। राजधानी रायपुर सहित विभिन्न जिलों में धार्मिक आयोजन, शोभायात्राएं, भजन-कीर्तन और भंडारे आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

रायपुर में आमापारा क्षेत्र में आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। वहीं जंवारा विसर्जन के चलते शहर के प्रमुख मार्गों-फूल चौक, आमापारा चौक और कंकाली तालाब रोड-पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। कई स्थानों पर यातायात डायवर्ट करना पड़ा। इस दौरान कुछ युवाओं द्वारा पारंपरिक हथियारों के प्रदर्शन की घटनाएं भी सामने आईं।

राजधानी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में हनुमान चालीसा महापाठ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन लगातार 18वें वर्ष हो रहा है, जिसका सीधा प्रसारण देश-विदेश में किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, देशभर के हजारों स्थानों पर एक साथ श्रद्धालु इस महापाठ से जुड़ रहे हैं, जिससे कार्यक्रम को वैश्विक स्वरूप मिला है।

बिलासपुर में व्यंकटेश मंदिर से निकली शोभायात्रा ने शहर का वातावरण भक्तिमय कर दिया। यात्रा में भगवान हनुमान की विशाल प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहा और भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के समय जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

रायगढ़ में भी भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें विभिन्न समाजों और संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती इस यात्रा में झांकियां, भजन और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बड़ी संख्या में रामभक्त इसमें शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित