रांची , अप्रैल 06 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना ने अब हत्या का रूप ले लिया है।
इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल युवक गुलाब कुमार की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह घटना 27 मार्च 2026 की रात दारू थाना क्षेत्र के दारू चौक स्थित काली मंडप के पास हुई थी। उस समय रामनवमी की शोभा यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान बासोबार जुलूस में शामिल गुलाब कुमार पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।
जांच में सामने आया कि गुलाब कुमार अपने जुलूस (छोटका ईरगा) से निकलकर दूसरे जुलूस (बासोबार) के पास पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उन पर हमला कर दिया गया।
घटना के बाद घायल गुलाब कुमार को पहले आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स (RIMS) रेफर किया गया। बाद में परिजन उन्हें मेडिका अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान 05 अप्रैल 2026 को उनकी मौत हो गई।
इस मामले में दारू थाना कांड संख्या 0-20/26, दिनांक 01 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को 04 अप्रैल को ही हिरासत में लेकर संप्रेषण गृह भेज दिया था।
वहीं, 06 अप्रैल को पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश कुमार (21 वर्ष), ग्राम बासोबार; विशाल कुमार (25 वर्ष), ग्राम बक्शीडीह; तथा एक नाबालिग मनीष कुमार वर्मा (17 वर्ष) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि आकाश, विशाल और मनीष ने मिलकर गुलाब कुमार को पीछे से पकड़ा था, जबकि करण कुमार ने धारदार चाकू से उन पर कई वार किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित