पटना , मार्च 17 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने मंगलवार को कहा है कि रामनवमी पर्व के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और श्रद्धालुओं की हर सुविधा का ख्याल रखा जाएगा।

अधिकारीद्वय ने आज पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में पदाधिकारियों, श्री महावीर स्थान न्यास समिति, शोभा यात्रा अभिनंदन समितियों एवं पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुये कहा कि इस वर्ष रामनवमी का त्योहार 27 मार्च को मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामनवमी पर्व के अवसर पर उत्कृष्ट विधि-व्यवस्था संधारण, सुचारू यातायात प्रबंधन तथा सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेंगे।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने रामनवमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण के लिये पटना जंक्शन एवं आसपास स्थल निरीक्षण भी किया तथा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

बैठक में श्री महावीर स्थान न्यास समिति, महावीर मंदिर, पटना के प्रतिनिधियों द्वारा आवश्यक व्यवस्था एवं तैयारियों के संबंध में विस्तृत रूप से प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी तरह का प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया जाता है। इस वर्ष भी प्रशासन के साथ समन्वय से रामनवमी पर्व सफलतापूर्वक संपन्न किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित