रामनगर , फरवरी 22 -- रामनगर में वन निगम परिसर से सागौन की कीमती लकड़ी चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने विभाग की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं,शनिवार की देर रात अज्ञात लकड़ी तस्करों ने क्षेत्रीय प्रबंधक के कार्यालय के समीप स्थित दीवार को तोड़कर निगम परिसर में प्रवेश किया और वहां रखी लाखों रुपये की सागौन की लकड़ी पर हाथ साफ कर दिया।
रविवार सुबह जब घटना की जानकारी वन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को मिली तो हड़कंप मच गया। प्रारंभिक निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि चोर पूरी योजना के साथ परिसर में दाखिल हुए और सुरक्षित मानी जाने वाली लाट से सागौन के 23 गिल्टे चोरी कर ले गए। चोरी की इस घटना ने न केवल सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है, बल्कि परिसर में रखी अन्य बेशकीमती लकड़ी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि रामनगर वन निगम परिसर से लकड़ी चोरी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार लाट से लकड़ी चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इस बार जिस तरह दीवार तोड़कर चोरी को अंजाम दिया गया, उसने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित