नैनीताल , जून 30 -- उत्तराखंड की रामनगर पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए रामनगर लूटकांड के मुख्य आरोपी और 10 हजार रुपये के इनामी लुटेरे को सोमवार रात ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. मंजूनाथ टीसी के अनुसार विगत 29 अप्रैल को रामनगर के हाथीडगर क्षेत्र में आरोपी और उसके साथियों ने सुरजीत सिंह निवासी तुमड़िया डाम द्वितीय, मालधन चौड़, रामनगर का स्कूटी से पीछा कर वाहन रुकवाया और तमंचे की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

इस मामले में कोतवाली रामनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115, 109 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना में शामिल तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही लूट के सामान के साथ गिरफ्तार कर चुकी है।

मुख्य आरोपी साहिल निवासी मालधन नंबर-04, रामनगर, जनपद नैनीताल, फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी नैनीताल ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

रामनगर थाना के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार और एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को कल रात ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मंगलवार को रामनगर लाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित