रामनगर , फरवरी 15 -- उत्तराखंड के रामनगर में करीब 20 फुट लंबी विशाल त्रिशूल कांवड़, जिसे श्रद्धालु अपने कंधों पर लेकर उसमे जल बांधकर लाये है, पूरे नगर में आस्था और आकर्षण का केंद्र बन गयी। जैसे ही कांवड़िए इस भव्य त्रिशूल को लेकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे, उसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

विशाल त्रिशूल के दोनों ओर लटके गंगाजल के कलशों के साथ कांवड़ियों की टोली जब ''बम-बम भोले'' के जयकारों के साथ आगे बढ़ी तो पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया और इस अनोखी कांवड़ के साथ सेल्फी लेने और दर्शन करने की होड़ मच गई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस 20 फुट लंबे त्रिशूल को देखकर आश्चर्यचकित नजर आया।

कांवड़ियों ने बताया कि भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा और भक्ति को दर्शाने के लिए इस विशेष त्रिशूल कांवड़ को तैयार किया गया है। कठिन यात्रा और भारी वजन के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे पूरी श्रद्धा के साथ मंदिर-मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करते रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित