रामनगर , मार्च 16 -- उत्तराखंड में रामनगर के ग्राम कंदला में गत एक मार्च को हुई फायरिंग के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो 315 बोर के तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए सीओ सुमित पांडे ने बताया कि उक्त मामले में गुरमीत सिंह द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन दिन पूर्व पुलिस ने हितेश शर्मा को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया था, जबकि दो आरोपी पूर्व में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सीओ ने बताया कि कोतवाली पुलिस में इस मामले में फरार चल रहे रामनगर के ग्राम चोरपानी निवासी प्रेम तथा टांडा वादली रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी कमल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे और कारतूस बरामद किया है तथा दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थान से गिरफ्तार कर उन्हें कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की गई है।

बता दें कि प्रेम को हाथीडगर मालधन चौड़ से और कमल को चौधरी ढाबा पिरूमदारा से गिरफ्तार किया गया है 315 बोर तमंचे के साथ. गौर हो कि नैनीताल जिले के रामनगर के पिरूमदारा चौकी क्षेत्र के थारी-कांडला में एक मार्च सुबह हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी थी पीड़ित पक्ष ने गांजा पकड़वाने की रंजिश में पड़ोसी और उसके साथियों पर घरों में घुसकर गोलियां चलाई थी, जिस क्रम में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी और उस क्रम में पुलिस ने पांचो को गिरफ्तार कर लिया है जिसमें से एक महिला भी बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित