नैनीताल , मई 05 -- उत्तराखंड के विकासखण्ड रामनगर विकासखण्ड में ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) से जुड़े कार्मिक के विरुद्ध गंभीर शिकायत के मामले में जिला प्रशासन ने मंगलवार को गंभीर रुख अपनाते हुए जांच के आदेश दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता शीतल बिष्ट ने ग्रामोत्थान रीप में तैनात कार्मिक उमेश भट्ट पर वित्तीय अनियमितता, मानसिक उत्पीड़न, गलत आरोप लगाने तथा नियमों के विरुद्ध कार्य करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल जिला विकास अधिकारी एवं जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को संयुक्त रूप से जांच अधिकारी नामित किया है।

उन्होंने जांच टीम को निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर एक सप्ताह में जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित