नैनीताल , सितंबर 15 -- उत्तराखंड के रामनगर में पुलिस ने मादक पदार्थ के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.553 किलोग्राम गांजा के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर सोमवार रात को गुल्लरघट्टी क्षेत्र में संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी के साथ ही जांच अभियान चलाया गया।

इस दौरान कामेश त्यागी, विजय सागर, भरत उर्फ बबलू, आजिम की पत्नी नाजिया तथा नगमा के घर से कुल 7.553 किलोग्राम गांजा, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा गांजे की बिक्री में प्रयुक्त पन्नियां बरामद हुई हैं।

बताया जा रहा है कि सभी अलग-अलग घरों में गांजा की पुड़िया तैयार कर रहे थे। बरामदगी के आधार पर कोतवाली रामनगर में मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी कामेश त्यागी के विरुद्ध कोतवाली रामनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले से ही दर्ज हैं।

इस कार्रवाई को निरीक्षक सुशील कुमार सहित उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, वीरेन्द्र बिष्ट, मनोज सिंह अधिकारी, जोगा सिंह, हर्ष बहादुर पाल, सुष्मिता राणा समेत 16 पुलिसकर्मियों ने अंजाम दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित