रामनगर (नैनीताल) , अक्टूबर 22 -- रामनगर पुलिस ने दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या के मामले में उसके पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास भी किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र के ग्राम बुढनपुर निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर को कोतवाली रामनगर में तहरीर दी थी कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह 16 मई को रामनगर के खताड़ी निवासी उवेश से हुआ था।

आरोप है कि अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष बुलेट मोटरसाइकिल और Rs.5 लाख रुपए की लगातार मांग कर रहा था। 16 अक्टूबर को ससुराल वालों ने कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी।

तहरीर पर कोतवाली रामनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मामला दर्ज दर्ज किया गया। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर कर रहे हैं। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार को तत्काल कार्रवाई और के निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज और पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद रहता था। घटना के दिन भी कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए। विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया, हाथ-पैर पकड़कर गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया और आत्महत्या की बात फैलाई।

पुलिस साक्ष्यों और घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। अन्य लोगों की भूमिका और अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति उवेश (22) निवासी गैस गोदाम, ऊटपड़ाव, खताड़ी, रामनगर, सास नसरीन (50),जेठ अनस (23), ननद शबा (20) शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित