रामनगर , मई 20 -- उत्तराखंड की रामनगर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश के दो इनामी वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोर ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर ली गई है।

बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 09 मई को रामनगर के भवानीपुर से एक ट्रैक्टर ट्राली के साथ चोरी कर लिया गया था। पीड़ित बृजमोहन की ओर से कोतवाली रामनगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने के संबंध में तहरीर दी गई।

रामनगर कोतवाली में मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। साथ ही घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के करीब 70 से 80 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। दो संदिग्ध चोरी ट्रैक्टर को ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद रामनगर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। आरोपियों की पहचान अतीक और सद्दाम के रूप में हुई, जो पीरूमदारा क्षेत्र में स्टोन क्रेशर में चालक का काम करते थे।

आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश मुरादाबाद के फरीदनगर, वार्ड नंबर-7 थाना ठाकुरद्वारा के रहने वाले हैं। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को मंगलवार को रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र से चोरी कू ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे, जिसके चलते उन पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित