नैनीताल , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रामनगर पुलिस ने अवैध ढंग से एलपीजी गैस रिफिलिंग मामले का खुलासा करते हुए दो भाइयों को गिरफ्तार किया है।
रामनगर पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि खराड़ी क्षेत्र में एलपीजी गैस की रिफिलिंग संबंधी अवैध कारोबार के बारे में शिकायत मिली।
पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में कोतवाली रामनगर पुलिस की एक टीम ने उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट के नेतृत्व में एक मकान पर छापा मारा। यहां घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग का कार्य चल रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 34 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण, तराजू-बाट और करीब आधा ड्रम डीजल बरामद किया। मौके से अवैध रिफिलिंग करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन उर्फ भल्ला (26) और शहजाद उर्फ शैजी (23) निवासी खताड़ी, रामनगर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि एलपीजी की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध गैस रिफिलिंग या भंडारण की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित